प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता परखी, मैस, बैरक, जिम और फार्मेसी का भी किया निरीक्षण
टिहरी गढ़वाल । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों के साथ मैदान में दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों को शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों की सिखलाई एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आरटीसी मैस, पुलिस लाइन मैस, बैरक, फार्मेसी और जिम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान देहरादून में आयोजित राष्ट्रपति पुलिस कलर अलंकरण परेड में प्रतिभाग करने वाले जवानों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। एसएसपी ने पुलिस लाइन में रह रहे पुलिस परिवारों के बच्चों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए अनुशासन, शारीरिक दक्षता, बेहतर प्रशिक्षण और जवानों को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनकी दक्षता बढ़ाने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।




