श्यामपुर जसोवाला, जाटोवाला, माजरी और शीशमबाड़ा में किया जनसंपर्क, बोले—जनता बदलाव के लिए तैयार
सहसपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने गुरुवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर जसोवाला, जाटोवाला, माजरी और शीशमबाड़ा क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से जनसंपर्क और जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को सुना और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से संवाद किया।
जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे डॉ. रावत के समक्ष रखे। लोगों ने बेहतर सरकारी अस्पताल, केंद्रीय विद्यालय जैसी सुविधाओं की आवश्यकता के साथ ही शीशमबाड़ा डंपिंग जोन से होने वाली दुर्गंध और इससे जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सहसपुर की जनता लंबे समय से विकास की उम्मीद लगाए बैठी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से भाजपा का प्रतिनिधित्व होने के बावजूद कई मूलभूत समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। जनता अब विकास और जवाबदेही को लेकर सवाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद के दौरान लोगों में बदलाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि इस दौरान क्षेत्र के कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कुछ पूर्व सैनिक भी शामिल रहे।
डॉ. रावत ने कहा कि सहसपुर की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में ठोस काम की जरूरत है और जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का संकल्प दोहराया। इस दौरान “20 साल का हिसाब चाहिए, अब सहसपुर में बदलाव चाहिए” का नारा भी गूंजा।





