कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
टिहरी गढ़वाल/धनोल्टी। भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर चंबा विकासखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने धनोल्टी स्थित एक होटल में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से डॉ. नेगी का अभिनंदन कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला ।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. धन सिंह नेगी को प्रदेश कार्यसमिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का लाभ पार्टी को मिलेगा। अपने स्वागत से अभिभूत डॉ. धन सिंह नेगी ने चंबा ब्लॉक के सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व, विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही टिहरी जनपद से प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए जाने पर राष्ट्रीय नेतृत्व का भी धन्यवाद किया।
डॉ. नेगी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराने, संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन हित में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हुए सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी ने समेत सभी वक्ताओं ने डॉ. नेगी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना चाहिए।
टिहरी नगर पालिका पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद बेलवाल , पूर्व प्रमुख बेबी असवाल समेत तमाम लोगों ने डॉ. नेगी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. नेगी को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि विधायक के रूप में डॉ. नेगी के कार्यकाल में टिहरी विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए तथा कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मान मिला।
इस अवसर पर साहब सिंह कुमाई, पवन शाह और बेबी असवाल ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने डॉ. नेगी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, जनसरोकारों से जुड़ाव और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता भाजपा को मजबूती प्रदान करेगी।
समारोह में नगर पालिका परिषद चंबा की अध्यक्ष शोभनी धनौला, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, गीता डबराल, नगर पालिका घनसाली अध्यक्ष आनंद बिष्ट, डॉ. प्रमोद उनियाल, भरत जरदारी, सभासद उर्मिला राणा , मनोहर डबराल, दीवान सिंह, जय सिंह, सत्येंद्र धनौला, कुसुम सेमवाल, नरेश, दरमियान सिंह, पुष्पा रमीला, प्रवेश उनियाल, पूर्व प्रधान पदम सिंह, यशपाल नेगी, शिव सिंह सजवान, गिरवर रमोला, आनंद सिंह खत्री, राजेंद्र नेगी, नितिन चौधरी, सचिन त्यागी तथा व्यापार मंडल बौराड़ी अध्यक्ष शिवराज सजवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर सिंह धनौला ने की, जबकि संचालन धर्म सिंह ने किया।




