74 शिकायतों पर सुनवाई, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

जनता मिलन में डीएम नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, लापरवाही पर जताई नाराजगी

टिहरी गढ़वाल 24 अगस्त। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 74 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में पुनर्वास, सड़क निर्माण एवं प्रतिकर, पेंशन, पेयजल, आधार कार्ड, आवास, सीएससी सेंटर, जंगली जानवरों से सुरक्षा, आर्थिक सहायता, दिव्यांग प्रमाण पत्र और नेटवर्क समेत विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा पेयजल निगम, लोनिवि सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा।
नरेंद्रनगर के कखील गांव निवासी अशोक कुमार ने ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने तथा प्रियंका ने अपने पिता का दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग रखी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जाखणीधार के पिपोला गांव के ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क डामरीकरण और भू-धंसाव की समस्या उठाई। डीएम ने पेयजल व सड़क संबंधी कार्यवाही के निर्देश देते हुए बताया कि भू-धंसाव को लेकर आईआईटी रुड़की की टीम का सर्वे चल रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धनोल्टी के मथलाऊ की रंजीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची में नाम नहीं होने की शिकायत की। जिला विकास अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए। वहीं जौनपुर रेंज में वन कर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने की शिकायत पर संबंधित डीएफओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रतापनगर के पनियाला की गंगा देवी ने बांज, बुरांश समेत अन्य पौध उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कस्तल-मंदार मोटर मार्ग के प्रतिकर का मामला भी जनता मिलन में उठा। डीएम ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को लोनिवि के साथ समन्वय कर मामले की जांच कराने को कहा। टिहरी लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा नक्शा पास किए जाने से जुड़े प्रावधानों पर ग्रामीणों की आपत्तियों पर डीएम ने स्पष्ट किया कि संबंधित नियम वर्ष 2013 में बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में प्रस्ताव रखकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा तथा विकास के साथ स्थानीय हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
प्रतापनगर के पूजारगांव निवासी वासुदेव सिंह ने लोनिवि की सड़क से घर का पुस्ता व आंगन क्षतिग्रस्त होने और आवास को खतरा होने की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर आवश्यकता पड़ने पर परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
मदन नेगी स्थित यूनियन बैंक से ऋण पूरी तरह चुकाने के बावजूद ऋण समाप्ति के दस्तावेज नहीं मिलने की शिकायत पर डीएम ने एलडीएम को 15 दिन के भीतर प्रकरण का निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। पुरानी शिकायतों का भी प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है, ताकि लोगों को बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।
इस दौरान सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी, पीडी डीआरडीए ज्योति, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, एसएलएओ नीलू चावला, जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!