मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर धरना 14वें दिन भी जारी, राज्य आंदोलनकारियों ने दिया समर्थन

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 29 अगस्त। जिला मुख्यालय नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना शनिवार को 14वें दिन भी जारी रहा। वहीं मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सत्याग्रही जीत राम भट्ट का सत्याग्रह 28वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारियों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्य आंदोलनकारी राकेश राणा ने कहा कि राज्य सरकार को मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर राजनीति छोड़कर जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए और नई टिहरी में निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि टिहरी के साथ उत्तरकाशी जिले का भी बड़ा भू-भाग नई टिहरी के नजदीक है। पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए सरकार को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देनी होगी।
सत्याग्रही जीत राम भट्ट एवं राज्य आंदोलनकारी मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सैयद मुशर्रफ अली ने कहा कि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के लिए पर्याप्त भूमि और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। जिला चिकित्सालय परिसर में 100 बेड का अस्पताल तैयार है। इसके अलावा पूर्व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा चिन्हित करीब 72 हजार वर्गफुट भूमि उपलब्ध है, जिसमें लगभग 22 हजार वर्गफुट क्षेत्र में भवन और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से निर्मित है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद मेडिकल कॉलेज निर्माण में देरी समझ से परे है।
मंच के महासचिव किशन सिंह रावत और प्रवक्ता डॉ. विक्रम सिंह कठैत ने कहा कि टिहरी के जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य मंत्री को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और संरक्षक महिपाल सिंह ने कहा कि अब आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाने का समय आ गया है। उन्होंने सरकार से पूर्व घोषणा के अनुरूप नई टिहरी जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अविलंब शुरू करने की मांग की।
धरने में देवेंद्र नौटियाल, हरेंद्र सिंह तोपवाल, शंभू सिंह भंडारी, बलबीर सिंह कोहली, सभासद नवीन सेमवाल, लखबीर चौहान, दिलशाद अहमद, माइज अली, गंगा भगत सिंह नेगी, कुलदीप सिंह पवार, पंचम सिंह बिष्ट, कमल सिंह महर, डॉ. उमेद सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, गबर सिंह रावत, अमित रतूड़ी, भगवान चंद्र रमोला, किशोरी लाल चमोली, शीला देवी चमोली, सत्येंद्र सिंह, संतोष आर्य, राजीव रावत, राहुल बुटोला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!