सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था रखने के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 29 अगस्त। सीजनल इन्फ्लूएंजा (H1N1) एवं अन्य श्वसन संबंधी संक्रमणों की संभावित स्थिति को देखते हुए टिहरी गढ़वाल स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने सभी मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड आरक्षित रखने के साथ ही ऑक्सीजन, आवश्यक उपकरण, जांच सुविधाएं, दवाइयां और अन्य चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने कहा कि सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य संस्थानों को पूरी तरह सतर्क रहना आवश्यक है। संदिग्ध मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग और निगरानी करने के साथ गंभीर लक्षण वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ को आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। साथ ही मरीजों के उपचार और प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
सीएमओ ने आमजन से बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी अथवा अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इन्हें नजरअंदाज न करने और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन न करने की सलाह दी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!