28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
टिहरी गढ़वाल 16 सितम्बर। विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर टिहरी जिले में निर्वाचन विभाग ने बड़ी प्रगति दर्ज की है। जिले में जारी 1,17,501 नोटिसों पर शत-प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर तक निस्तारण और 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एसआईआर के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों के साथ ही प्रारूप-6, 7 और 8 के मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी तेज
बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिले को आवंटित ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य 5 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियर आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ईवीएम की जांच करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इससे ईवीएम की जांच प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों को भी आवश्यक जानकारी और निगरानी का अवसर मिलेगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, भाजपा से जयेन्द्र पंवार एवं राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कांग्रेस से गब्बर सिंह रावत, बबूल आर्य एवं कुलदीप सिंह पंवार सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




