घनसाली में तहसील घनसाली और बालगंगा के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से दिया धरना
(घनसाली से लोकेंद्र जोशी)
टिहरी गढ़वाल, 25 सितंबर। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर में एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया गया। इसी क्रम में उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ से जुड़े तहसील घनसाली और तहसील बालगंगा के कर्मचारियों ने तहसील परिसर घनसाली में संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया।
कर्मचारियों ने कहा कि उनकी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से शासन स्तर पर मांग उठाई जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। कर्मचारियों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
एक दिवसीय कार्य बहिष्कार के चलते तहसील कार्यालयों में विभिन्न सरकारी कार्य प्रभावित रहे। अपने रोजमर्रा के काम से तहसील पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। इससे तहसील परिसर में हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला।
धरना-प्रदर्शन में रणवीर रावत, राकेश जुयाल, अमन वैद्य, प्रवीण चौहान, नरेश कुमार, देवकृष्ण थपलियाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




