टिहरी गढ़वाल 2 अक्टूबर। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने नई टिहरी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। बौराड़ी स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में गठबंधन ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी और लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने देश में संवैधानिक संकट की स्थिति होने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता जरूरी है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
सीपीआई के जिला सचिव जय प्रकाश पांडे ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए संस्थाओं को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखना आवश्यक है।
सीटू के कामरेड भगवान सिंह राणा, चिंतामणी थपलियाल और सफर सिंह नेगी ने भी संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर होने से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज करने और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, प्रवक्ता आनंद सिंह बेलवाल, प्रदेश महासचिव राकेश राणा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार, मीडिया प्रभारी लखवीर चौहान, नरेंद्र चंद रमोला, साब सिंह सजवाण, मीना शाह, अनिता शाह, विरेंद्र, मनीष, अनीश, लक्ष्मी, दिगपाल, रमेश गुनसोला, हरि सिंह मौजूद थे।



