टिहरी गढ़वाल । कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा, पेंशन और रोजगार सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी 56 शिकायतें सामने आईं। सीडीओ ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में चंबा विकासखंड के क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने गांव में भालू के खतरे को देखते हुए सुरक्षा उपाय, सौर ऊर्जा लाइट लगाने और 70 मीटर क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते की मरम्मत की मांग की। सीडीओ ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
थौलधार के कंडीसौड़ निवासी ममता देवी ने विधवा पेंशन, रोजगार तथा घर के आंगन में लगे विद्युत पोल को हटाने की मांग रखी। इस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर पेंशन स्वीकृत कराने और महिला को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने तथा विद्युत विभाग को पोल की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
चंबा के गुल्डी गांव की पिंकी देवी ने राशन कार्ड और गैस कनेक्शन को ससुराल पक्ष से अलग कराने की मांग की। पूर्ति विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं प्रतापनगर के लक्ष्मी प्रसाद ने आपदा से क्षतिग्रस्त रावत गांव के विद्यालय मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई। सीडीओ ने शिक्षा विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
थौलधार के क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इको पार्क कौड़िया मार्ग पर पूर्व की भांति पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की मांग रखी। इस पर वन विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महरगांव निवासी रघुवीर सिंह कठैत ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण, बड़े बोल्डरों से मकानों को खतरे और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की समस्या उठाई। सीडीओ ने लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता और समयबद्धता से निस्तारण करने के साथ शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी लेने तथा उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में 56 शिकायतें दर्ज, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



