मामले में संबंधित नियमों के तहत 2,43,213 रुपये का जुर्माना लगाया
उत्तरकाशी 5 अक्टूबर। बड़कोट तहसील के पौंटी स्थित इदेली तोक में अवैध खनन की शिकायत पर राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने 5 अक्टूबर को शिवम स्टोन क्रेशर में छापेमारी की। जांच के दौरान प्लांट से यमुना नदी की ओर जाने वाला पूर्व में बंद रास्ता खुला मिला तथा परिसर में नदी से लाया गया उपखनिज (आरबीएम) पाया गया।
ई-रवन्ना पोर्टल पर दर्ज 8,984.26 टन के मुकाबले मौके पर 9,744.30 टन उपखनिज मिला, यानी 760.04 टन अधिक उपखनिज पाया गया। मामले में संबंधित नियमों के तहत 2,43,213 रुपये का जुर्माना लगाया गया और स्टोन क्रेशर को अग्रिम आदेशों तक सीज कर पोर्टल बंद कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी और जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ लगातार औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी। जांच व सीज की कार्रवाई के दौरान राजस्व एवं खनन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




