विधायक किशोर उपाध्याय बोले—बिना शर्त क्षमा मांगें राहुल गांधी
जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा—यह उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश के गौरव का अपमान है
टिहरी गढ़वाल 13 अक्टूबर। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणी पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय ने राहुल गांधी से अजीत डोभाल और दिवंगत जनरल बिपिन रावत के परिवार से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को राजनीतिक निशाना बनाना निंदनीय है।
किशोर उपाध्याय ने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश का गौरव हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस राजनीतिक विरोध में देश के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को निशाना बना रही है। उन्होंने सामाजिक और गैर-राजनीतिक संगठनों से भी इस मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि भाजपा जनता के बीच जाकर इस प्रकरण का पुरजोर विरोध करेगी।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने राहुल गांधी से अपना वक्तव्य वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द निंदनीय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यक्तित्व को निशाना बनाना गंभीर विषय है और जनता को इसके विरोध में आवाज उठानी चाहिए। रावत ने इसे उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश के गौरव से जुड़ा मामला बताया।
इस मौके पर जिला महामंत्री बलवंत रावत, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र डोभाल, नई टिहरी मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष राणा, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।




