जनता दरबार में 37 फरियादियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 2 नवम्बर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने कुल 37 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करें। जिन प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए। जिला योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकृत धनराशि का समय पर व्यय करने तथा शेष धनराशि के आवंटन के लिए मांग पत्र उपलब्ध कराने को कहा।
जनता दरबार में तहसील कंडीसौड़ के ग्राम कन्स्यूड़ निवासी सुंदर सिंह ने अपनी पैतृक भूमि का सही सीमांकन कराने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, बौराड़ी निवासी फगण सिंह और सोवन सिंह ने बौराड़ी बस अड्डे पर खोखा आवंटित करने की मांग रखी, जिस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्राम कोटी, थाती बूढ़ाकेदार निवासी सत्यवीर सिंह रावत ने झाला-कोटी सड़क के ढलान का पानी उनके मकान की ओर आने से नहर और बारिश के दौरान घर में पानी घुसने तथा मकान में दरारें पड़ने की समस्या उठाई। उन्होंने मकान को संभावित नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय करने की मांग की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग घनसाली को तत्काल उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ओपन मार्केट बौराड़ी निवासी जसवंत सिंह रावत ने अपनी दुकान के सामने आम रास्ते पर साड़ियां टांगकर आवागमन बाधित करने और दुकान को ढकने की शिकायत की। इस पर एसडीएम टिहरी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह ग्राम स्वाड़ी निवासी अनिल सुयाल ने बताया कि शारीरिक दिव्यांगता और फिंगरप्रिंट संबंधी समस्या के कारण उनकी बैंक केवाईसी नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें किसान सम्मान निधि सहित अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिलाधिकारी ने सीएमओ और जिला समाज कल्याण अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!