*घनसाली से लोकेंद्र जोशी*
टिहरी गढ़वाल। प्रधान संगठन भिलंगना के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिनेश भजनियाल ने धनतेरस के अवसर पर होटल कुटुम्ब बसेरा में पत्रकार वार्ता कर क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर भजनियाल ने कहा कि वह भी एक राजनीतिक कार्यकर्ता हैं और चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। इसके लिए संगठन में अपनी दावेदारी भी प्रस्तुत कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि घनसाली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। क्षेत्र की दुर्गम एवं पिछड़ी स्थिति को देखते हुए छूटे हुए विकास कार्यों को पूरा कराने के साथ ही घनसाली को पिछड़ा क्षेत्र घोषित कराने के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
पत्रकार वार्ता में बालगंगा महाविद्यालय के प्रबंधक एवं भाजपा नेता प्रशांत जोशी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल त्रिकोटिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं चमोलगांव के प्रधान हर्षलाल, मोहित तथा सभासद राजीव गुसाईं मौजूद रहे।




