महाराजा सुदर्शन शाह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने को सीएम को लिखा पत्र

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर की पहल, नई टिहरी अथवा आसपास प्रतिमा स्थापित करने का किया आग्रह

टिहरी गढ़वाल । टिहरी रियासत के संस्थापक स्वनामधन्य महाराजा सुदर्शन शाह की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए नई टिहरी में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई गई है। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर 28 दिसंबर को टिहरी स्थापना दिवस के अवसर पर महाराजा सुदर्शन शाह की प्रतिमा स्थापित करने की पहल की है।

विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि महाराजा सुदर्शन शाह ने कठिन परिस्थितियों में टिहरी राज्य की स्थापना की और अपने शासनकाल में अनेक आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक सुधार किए। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था विकसित करने के साथ ही आमजन को भी कम कीमत पर आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इसके अलावा राजस्व व्यवस्था में सुधार और भूमि बंदोबस्त जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि वर्ष 1949 में टिहरी राज्य का भारत में विलय हुआ था। इस रियासत में वर्तमान टिहरी और उत्तरकाशी जनपदों के साथ रुद्रप्रयाग जनपद का कुछ हिस्सा भी शामिल था। विधायक ने विलय के समय तय शर्तों का जनहित में पूर्ण क्रियान्वयन न होने का विषय भी उठाया है।

किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि महाराजा सुदर्शन शाह के ऐतिहासिक योगदान और उनकी स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए नई टिहरी अथवा आसपास के उपयुक्त स्थान पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने 28 दिसंबर को टिहरी स्थापना दिवस पर प्रतिमा स्थापना की अपेक्षा जताई है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!