शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करेंगे लोकार्पण, मातृभूमि के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूत को किया जाएगा याद
टिहरी गढ़वाल 11 नवम्बर। उत्तराखंड के महान वीर योद्धा कफू चौहान की वीरता और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से 16 नवंबर को टिहरी जनपद के डाइजर में उनकी मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर मूर्ति का लोकार्पण करेंगे।
राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने बताया कि कफू चौहान गढ़वाल के इतिहास के ऐसे वीर योद्धा रहे हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया। उन्होंने अजयपाल की सेना को परास्त कर अपनी वीरता का परिचय दिया था। हालांकि बाद में षड्यंत्र के चलते उन्हें बलिदान देना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कफू चौहान का त्याग, शौर्य और बलिदान उत्तराखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। डाइजर में उनकी मूर्ति की स्थापना से नई पीढ़ी को उनके अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण से परिचित होने का अवसर मिलेगा।




