बौराड़ी में व्यापारी मिलन कार्यक्रम में बोले नवीन वर्मा, व्यापारी प्रदेश के राजस्व की रीढ़
नई टिहरी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) नवीन वर्मा के टिहरी गढ़वाल जनपद भ्रमण पर पहुंचने पर नई टिहरी, चंबा और आगराखाल में व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। विभिन्न बाजारों में व्यापारी प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

नई टिहरी में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल, संयुक्त महामंत्री अब्दुल अतीक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश डोभाल, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कंडारी, जिला महामंत्री कर्म सिंह तोपवाल, जिला कोषाध्यक्ष मायाराम थपलियाल, जिला संगठन मंत्री कुलदीप सिंह पंवार, प्रचार मंत्री सहित नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, बौराड़ी अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, महामंत्री संदीप सिंह तथा पवन और प्रवीण अग्रवाल समेत अनेक व्यापारियों ने स्वागत किया।
इससे पूर्व आगराखाल में व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉ. डीएन रतूड़ी और महामंत्री विकास रावत तथा चंबा में संरक्षक शशिभूषण भट्ट, अध्यक्ष बलबीर सिंह नेगी, महामंत्री धीरज रावत और अमित चौहान के नेतृत्व में व्यापारियों ने उनका स्वागत किया।
बौराड़ी में आयोजित व्यापारी मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि व्यापारी प्रदेश के राजस्व की रीढ़ हैं। राज्य के आर्थिक विकास में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार व्यापारी और उद्यमी वर्ग के हितों को लेकर लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इनमें उद्यमियों और व्यापारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए उद्योग मित्र एवं व्यापार मित्र का पुनर्गठन, जिला मुख्यालयों और पर्यटन स्थलों को होमस्टे योजना से लाभान्वित करना तथा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना शामिल है।
वर्मा ने कहा कि सरकार और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।




