टिहरी गढ़वाल। अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन व्यास पीठ से कथावाचक राम दास जी महाराज ने धर्म, वैराग्य, भिक्षा परंपरा और मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य को धन का उपयोग केवल भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि धर्म, परोपकार और सत्कर्मों में भी करना चाहिए। धर्म के मार्ग पर अर्जित धन का सदुपयोग ही जीवन को सार्थक बनाता है।
शुकदेव जी महाराज के वैराग्य प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि वे भिक्षा के लिए किसी घर में अधिक समय तक नहीं रुकते थे। जितनी देर में गाय का दूध निकाला जाता है, उतनी ही देर ठहरते थे। वे अनजान घरों में भिक्षा लेने जाते थे, जहां विशेष स्वागत-सत्कार या मोह का बंधन न हो। एक ही घर पर निर्भर रहने के बजाय अनेक घरों से थोड़ा-थोड़ा भिक्षा ग्रहण करने की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके पीछे संतोष, निर्लिप्तता और वैराग्य की भावना है।
उन्होंने शुकदेव जी के वैराग्य और राजा परीक्षित को सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा सुनाने के प्रसंग के माध्यम से यह भाव भी स्पष्ट किया कि वैराग्य का अर्थ ज्ञान और कर्तव्य से विमुख होना नहीं, बल्कि मोह-माया से मुक्त रहकर लोककल्याण और ईश्वर भक्ति में प्रवृत्त होना है।
राम दास जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक फल तत्वज्ञान की प्राप्ति है। मनुष्य को जीवन के परम तत्व को जानने और उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए हर पल ईश्वर का चिंतन और मनन जरूरी है। सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर परमात्मा का स्मरण, भक्ति और सद्कर्म ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कथा के दौरान राजेंद्र प्रसाद चमोली, सतीश थपलियाल, त्रिलोक चंद रमोला, तिलक राम चमोली, टीकम चौहान, गोविन्द पुंडीर समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में भागवत प्रसंगों का श्रवण करते रहे।
धन का सदुपयोग धर्म कार्यों में करें, हर पल ईश्वर का चिंतन ही जीवन का सार: व्यास जी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



