बौराडी स्टेडियम में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगी इगास बग्वाल, ढोल-दमाऊ की थाप पर गूंजेंगे झुमेलो

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

वीर माधो सिंह भंडारी के इतिहास और पहाड़ी संस्कृति पर आधारित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वाले-पकौड़ों का भी लेंगे आनंद

टिहरी गढ़वाल। पहाड़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और वीरभूमि टिहरी के गौरवशाली इतिहास को जीवंत रखने के उद्देश्य से रामलीला समिति नई टिहरी की ओर से 20 नवंबर को इगास बग्वाल पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। गौरा स्टेडियम स्थित रामलीला मंच पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में ढोल-दमाऊ की थाप, पारंपरिक झुमेलो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक परंपराओं की छटा बिखरेगी।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि रामलीला समिति वर्षभर शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती है। इसी कड़ी में इगास बग्वाल समिति का प्रमुख वार्षिक आयोजन है। यह पर्व उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के गौरवशाली इतिहास से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ होगा। इसके बाद ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक झुमेलो प्रस्तुत किए जाएंगे। वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक प्रसंगों से संबंधित झुमेलों के साथ उनकी वीरगाथा का वाचन भी किया जाएगा। इसके अलावा पारंपरिक भैलो जलाने और स्वाले-पकौड़ों का आनंद लेने का अवसर भी मिलेगा।
समिति अध्यक्ष ने नई टिहरी के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मंच पहुंचकर आयोजन में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोकसंस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का भी माध्यम हैं।
प्रेस वार्ता में अमित पंत, अनुराग पंत, सुनील बधानी, गंगा भगत नेगी, हरीश घिडियाल, मनीष पंत और मनोज शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!