मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव पहुंचकर प्रभावितों से की मुलाकात, किराये पर आवास की भी होगी व्यवस्था
पवाणी/मोरी, 26 नवंबर। विकासखंड मोरी के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का हाल जानने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को स्वयं घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को मकान दोबारा बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही छह माह का राशन उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों के रहने के लिए किराये के आवास की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन, आवास और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों के ऋण माफ करने, गांवों में पानी के टैंक बनाने, पवाणी-ओसला के बीच हेलीपैड निर्माण, गंगाड़ से सीमा-ओसला तक सड़क, मोबाइल टावर लगाने तथा पवाणी गांव को गोद लेकर पुनर्वास एवं विकास कार्य कराने की मांग रखी।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन और आवास सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बचन सिंह पंवार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।




