नौ साल में मेडिकल कॉलेज नहीं बना पाई भाजपा, टिहरी की जनता से किए वादों पर कांग्रेस ने मांगा जवाब

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

शांति भट्ट बोले—टीएचडीसी के भरोसे मेडिकल कॉलेज की उम्मीद बेमानी, जनता को कब तक दिखाएंगे सपने?

मुरारी लाल खंडवाल ने अपने एक साल के अध्यक्ष कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड रखा, 2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का किया ऐलान

टिहरी गढ़वाल। टिहरी में मेडिकल कॉलेज का सपना आखिर कब पूरा होगा? नौ साल बाद भी यह सवाल कायम है। मेडिकल कॉलेज के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मेडिकल कॉलेज से लेकर अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी, महंगाई और कथित वोट चोरी तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शांति भट्ट ने भाजपा पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर पिछले नौ वर्षों से टिहरी की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने टीएचडीसी के माध्यम से मेडिकल कॉलेज निर्माण की संभावनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार टीएचडीसी में अपनी हिस्सेदारी एनटीपीसी को बेच चुकी है, तो फिर टीएचडीसी के भरोसे मेडिकल कॉलेज निर्माण की उम्मीद करना कितना उचित है? उन्होंने कहा कि अब मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ टीएचडीसी को बचाने के लिए भी अभियान चलाने की जरूरत है।

शांति भट्ट ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के नाम पर टिहरी की जनता को बरगलाया जा रहा है। एक ओर टीएचडीसी सभी औपचारिकताएं राज्य सरकार के स्तर से पूरी होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर सचिव उत्तराखंड शासन ने 19 नवंबर 2026 को टीएचडीसी के सीएमडी को पत्र लिखा है कि  उक्त प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई करें। उन्होंने सवाल उठाया कि दोनों पक्षों के रुख में यह विरोधाभास क्यों है?

शांति भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में नर्सिंग कॉलेज, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और होटल मैनेजमेंट संस्थान जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थापित किए गए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हालिया बयानों पर उनका बचाव करते हुए कहा कि वह अनुभवी नेता हैं और पार्टी को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम कर रहे हैं।

एक साल का कार्यकाल, 2027 पर नजर

जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल को उपलब्धियों भरा बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनता से जुड़े मुद्दों पर सड़क से लेकर राजनीतिक मंचों तक संघर्ष किया है। बेरोजगारी, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और चुनावों में कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों पर पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करना पार्टी का लक्ष्य है।

अंकिता को न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत ने महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अंकिता प्रकरण में कथित वीआईपी को लेकर सवाल उठाते हुए संबंधित व्यक्ति को राज्यपाल बनाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता को न्याय मिलने तक महिला कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता आनंद सिंह बेलवाल ने भी मेडिकल कॉलेज, अंकिता भंडारी प्रकरण और एसआईआर के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने इन मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से लगातार आवाज उठाने की बात कही।

प्रेस वार्ता में ज्योति भट्ट, विशन सिंह रांगड़, विजयपाल सिंह रावत, कुलदीप पंवार, शांति भट्ट, आनंद सिंह बेलवाल, रोशन नौटियाल, रमेश गुणसोला, अनीता पैन्यूली और सीमा कृशाली सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!