रायवाला, 28 नवंबर। गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता एवं अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष गगनदीप सिंह बेदी रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देना जरूरी है। स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि शिक्षा और संस्कार एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और गुरुजनों के सम्मान को जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर संदीप गुप्ता और गगनदीप सिंह बेदी ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक, कव्वाली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में अभिभावकों और अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में विद्यालय संस्थापक डॉ. दर्शन लाल उनियाल, निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद पांडे, प्रबंधक के.एल. बहुगुणा और प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल सहित शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। अंत में अतिथियों का सम्मान कर विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया।




