नेत्र चिकित्सा शिविर में 175 लोगों का पंजीकरण, 67 का होगा निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 26 अक्टूबर 2024 । हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली, पौड़ी द्वारा सेवा भारती टिहरी गढ़वाल के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खाती के अनुरोध पर नगर पंचायत गजा के बारातघर में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक क्षेत्र की धार अकरिया, क्वीली, कुजणी और मखलोगी पट्टी से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

शिविर में कुल 175 महिलाओं और पुरुषों ने पंजीकरण कराया और अपनी नेत्र समस्याओं का परीक्षण करवाया। हंश फाउंडेशन अस्पताल के डॉ. रोहित ने बताया कि परीक्षण के दौरान 67 लोगों में मोतियाबिंद का पता चला, जिनका निशुल्क ऑपरेशन आगामी 5 नवंबर को किया जाएगा। इन मरीजों को दो बसों के माध्यम से गजा से सतपुली अस्पताल ले जाया जाएगा और ऑपरेशन के बाद वापस गजा पहुँचाया जाएगा। मरीजों के लिए यात्रा और ऑपरेशन की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी।

शिविर के कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान 60 लोगों को चश्मे और 72 लोगों को दवाइयाँ वितरित की गईं। पंजीकरण प्रक्रिया का संचालन प्रवीन कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने बताया कि शिविर में 105 महिलाएं शामिल रहीं।

इस शिविर के सफल आयोजन में नगर पंचायत गजा की निवर्तमान अध्यक्ष मीना खाती, सेवा भारती के राजेंद्र सिंह खाती, भाजपा मंडल अध्यक्ष रतन सिंह रावत, बीर सिंह असवाल, और युवा मोर्चा के शैलेंद्र सिंह चौहान का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा जगतराम विजल्वाण, मान सिंह चौहान, गुमान सिंह, दिलवीर सिंह रावत, वगवाल्या सिंह असवाल, कृष्णा देवी, मुन्नी देवी और संगीता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

इस सफल नेत्र शिविर के माध्यम से हंश फाउंडेशन ने समुदाय को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सराहनीय योगदान दिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!