एनडीपीएस के तहत एनकोर्ड समिति की बैठक सम्पन्न

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एनडीपीएस एक्ट के तहत एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा नशीली दवाओं व मनोप्रभावी पदार्थों पर नियंत्रण के लिए की गई मासिक कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।

एडीएम ने स्कूलों में प्रार्थना सभाओं के दौरान नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता, ड्रग टेस्टिंग, शिकायत पेटिका को सक्रिय करने और अगली बैठक में उच्च शिक्षण संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अफीम, खसखस व पोस्त की अवैध खेती पर संयुक्त चेकिंग के आदेश भी दिए।

समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने बताया कि नशामुक्ति केंद्र का प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा गया है। नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर टीएचडीसी इंजीनियरिंग कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 900 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ब्लॉक स्तर पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।रॉड्स संस्था प्रतिनिधि रंजीता थपलियाल ने बताया कि संस्था ने दो नशामुक्त विवाह संपन्न कराए तथा दूंगीधार और बादशाहीथौल के विद्यालयों में 200 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वन, स्वास्थ्य, कृषि, आबकारी व सूचना विभागों ने भी अपनी मासिक गतिविधियों की जानकारी दी।

औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने बताया कि नवंबर माह में 18 मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण कर 6 सैंपल लिए गए, 5 नोटिस जारी हुए व 2 दुकानों की बिक्री पर रोक लगाई गई। पुलिस विभाग द्वारा जनवरी से अक्टूबर तक 553 गोष्ठियां आयोजित कर 20,501 विद्यार्थियों व 28,381 स्थानीय लोगों को जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने एनटीसीपी के तहत 354 चालान कर 10,670 रुपये की वसूली की, साथ ही 278 काउंसलिंग व 23 थेरेपी सत्र आयोजित किए।

बैठक में एएसपी जे.आर. जोशी, एसडीएम संदीप कुमार, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, एसीएमओ मुकेश कुमार, डीईओ बेसिक, सीएमओ कार्यालय से रीना सिंह और एसडीओ वन प्रभाग जे.सी. रमोला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!