कुलदीप सिंह नेगी बने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सामाजिक न्याय आयोग के उत्तराखंड सचिव

टिहरी गढ़वाल । अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सामाजिक न्याय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय गर्वनिंग बोर्ड, नई दिल्ली ने टिहरी गढ़वाल के सौन्दकोटी निवासी कुलदीप सिंह नेगी को उत्तराखंड का राज्य सचिव नियुक्त किया है। नेगी की सामाजिक सेवाओं, अनुभव और मानवहित में किए गए कार्यों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
कुलदीप सिंह नेगी, पुत्र त्रिलोक सिंह नेगी, पूर्व में कई राजकीय विभागों में विभिन्न माध्यमों से सेवाएं दे चुके हैं। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में उन्होंने कुलपति के निजी सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। कोविड-19 के दौरान भी वे आमजन की सेवा में सक्रिय रहे और अपने कार्यों के लिए कई मंचों पर सम्मानित हुए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संतोष बजाज ने कहा कि आयोग का उद्देश्य मानवाधिकार उल्लंघन, महिला-पुरुष उत्पीड़न, दहेज/डोरी प्रथा, हत्या, बलात्कार, यातना, बाल शोषण, श्रम उत्पीड़न, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार, झूठे मुकदमे, पुलिस-प्रशासनिक असहयोग और मूल अधिकारों के हनन जैसे मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा और पीड़ितों की सहायता करना ही आयोग का सर्वोपरि लक्ष्य है।
नवनियुक्त राज्य सचिव कुलदीप सिंह नेगी ने आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय गर्वनिंग बॉडी का आभार जताते हुए कहा कि वे आयोग के संविधान, सिद्धांतों और सामाजिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए मानवाधिकार संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।



