श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी को मिला शिक्षा शोध जीवन गौरव सम्मान

टिहरी गढ़वाल। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी को ग्लोबल शिक्षा समिति, उत्तराखंड द्वारा प्रतिष्ठित “शिक्षा शोध जीवन गौरव सम्मान” प्रदान किया गया है। समिति के महासचिव अनिल सिंह तोमर ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
प्रो. एन.के. जोशी भारतीय उच्च शिक्षा जगत के एक प्रतिष्ठित, दूरदर्शी और प्रभावशाली शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, प्रशासन और नीति-निर्माण के क्षेत्र में अड़तीस से अधिक वर्षों का योगदान दिया है। प्रो. जोशी पूर्व में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल तथा उत्तरांचल विश्वविद्यालय, देहरादून के कुलपति के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहाँ उनके नेतृत्व में शोध संस्कृति को व्यापक प्रोत्साहन , शिक्षण में आधुनिक तकनीकों का समावेश , गुणवत्तापरक शैक्षणिक सुधार और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न घटकों को व्यवहार में उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई। प्रो जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को राज्य में सफलतापूर्वक लागू कराने में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान किया।
प्रो. जोशी ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में विश्वविद्यालय को विकास की ओर अग्रसर किया है। उनके दिशा-निर्देशों में एआई आधारित शिक्षण पहल, भारतीय ज्ञान प्रणाली के विस्तार, विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू संपादन, छात्र केन्द्रित गतिविधियों एवं कौशल कार्यक्रमों के माध्यम से समग्र विकास, शोध संवर्धन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का क्रियान्वयन तथा शैक्षणिक एवं भौतिक अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण जैसे कई महत्त्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। वे वर्ष 2023 तक उत्तराखंड सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति कार्यान्वयन समिति के चेयरमैन रहे हैं, जहाँ उन्होंने बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, शोध संस्कृति, अकादमिक सुधार और संस्थागत उत्कृष्टता को नई दिशा दी।इससे पूर्व वे वाईस चांसलर आफ द ईयर, देश के सर्वश्रेष्ठ 50 शिक्षाविद सहित कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं।
इस अवसर पर कुलसचिव दिनेश चंद्रा, डॉ. सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष निजी कॉलेज एसोसिएशन उत्तराखंड, ललित जोशी चेयरमैन सीआईएमएस कॉलेज देहरादून, संदीप चौधरी, चेयरमैन एचईसी ग्रुप ऑफ कॉलेजे हरिद्वार, निशांत थपलियाल, चेयरमैनआईटीएम कॉलेज देहरादून, अजय जसोला, चेयरमैन एचआईटी कॉलेज देहरादून, जलज गौड़, चेयरमैन बीआइडी डिग्री कॉलेज रुड़की तथा वरुण डोभाल आदि उपस्थित रहे।



