मुनीकीरेती–ढालवाला में विकास कार्यों का कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया स्थलीय निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल 12 फरवरी 2026। नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने हेतु कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने मुनीकीरेती, ढालवाला एवं तपोवन क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजनाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शहरी परिवहन व्यवस्था सुधारने, निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों के विकास तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए शहरी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
इसके अतिरिक्त उन्होंने नदी तटों पर बाढ़ सुरक्षा हेतु बनाए जा रहे मजबूत सुरक्षा पुश्तों तथा भू-स्खलन और कटाव रोकने के लिए किए जा रहे स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों का भी निरीक्षण किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नदी किनारे बसे क्षेत्रों, सड़कों एवं सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित करना तथा भविष्य में संभावित आपदाओं के जोखिम को कम करना है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा,
“नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास हमारी प्राथमिकता है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि जनता को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।”
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



