पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में एसपी बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा: अपराधियों पर सख्ती के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

बागेश्वर, 26 फरवरी 2026। नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने पदभार ग्रहण करते ही जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सख्त रुख अपनाया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों व शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।
एसपी मेहरा ने नशा तस्करी, महिला अपराध, साइबर अपराध और फरार/इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष फोकस करने को कहा। सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने और CCTNS सहित ऑनलाइन पोर्टलों पर डिजिटल डाटा का समयबद्ध अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाते हुए किरायेदारों व बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने को कहा गया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ओवरस्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग व रैश ड्राइविंग के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आगामी होली पर्व के मद्देनजर हुड़दंगियों पर नजर रखने तथा ग्रीष्मकालीन फायर सीजन को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश भी दिए गए।
बैठक में विवेचनाओं की गुणवत्ता सुधारने, नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
एसपी मेहरा ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!