आपदाउत्तराखंडविविध न्यूज़शासन-प्रशासन

टिहरी एवं कोटेश्वर बांध क्षेत्र में आपदा प्रबंधन को लेकर राष्ट्रीय स्तर की मॉक ड्रिल आयोजित

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 11 मार्च । आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) द्वारा 11 मार्च 2026 को टिहरी एवं कोटेश्वर बांध परियोजना क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर की व्यापक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के मार्गदर्शन में किया गया।
राज्य में समय-समय पर घटित होने वाली क्लाउडबर्स्ट, भारी वर्षा और भूस्खलन जैसी आपदाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभ्यास किया गया, ताकि संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान टिहरी बांध के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में लगातार बारिश, भूस्खलन तथा क्लाउडबर्स्ट की स्थिति का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इस दौरान यह दर्शाया गया कि टिहरी जलाशय का जलस्तर लगभग ईएल 830 मीटर (फुल रिजर्वायर लेवल) तक पहुंच गया है और स्पिलवे के माध्यम से लगभग 5000 क्यूमेक्स अतिरिक्त जल छोड़ा जा रहा है, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में स्थिति गंभीर हो सकती है।
इसके अतिरिक्त टिहरी जलविद्युत परियोजना (एचपीपी) के पावरहाउस में तकनीकी खराबी के कारण जनरेटर ट्रांसफॉर्मर के फटने से तेल फैलने और आग लगने की घटना तथा कोटेश्वर पावर प्लांट में हाइड्रो जनरेटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति का भी अभ्यास किया गया।
अभ्यास के तहत 11 मार्च को प्रातः 08:00 बजे टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून के जिलाधिकारियों, आपातकालीन संचालन केंद्रों तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को आपात स्थिति की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिए।
इस अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आरएएफ, स्थानीय पुलिस प्रशासन, टीएचडीसीआईएल के अधिकारी, जिला स्वास्थ्य विभाग, टीएचडीसी की मेडिकल टीम तथा पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। चारों मॉक एक्सरसाइज साइट्स पर एएलएस एवं बीएलएस एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी।
अभ्यास के उपरांत सभी संबंधित एजेंसियों और केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।
इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) श्री एम.के. सिंह ने मॉक एक्सरसाइज में भाग लेने वाले सभी सुरक्षा बलों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त मेजर जनरल अजय कुमार वर्मा (वरिष्ठ सलाहकार, एनडीएमए), इरफान अहमद (मुख्य अभियंता, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण), राजकुमार नेगी (अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यूएसडीएमए), स्नेहिल कुंवर सिंह (उप जिलाधिकारी, टिहरी), सीमा पांडेय (क्षेत्रीय निदेशक, नेशनल डैम सेफ्टी), डॉ. गिरीश चंद्र जोशी (वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईआईटी रुड़की), गौरव तोमर (कमांडेंट, सीआईएसएफ), शैलेन्द्र कुमार (कमांडेंट, सीआरपीएफ देहरादून), धन सिंह बिष्ट (कमांडेंट, सीआरपीएफ मेरठ), ललित शाह (सेकेंड-इन-कमांड, एसएसबी), दीपक भट्ट (उप कमांडेंट, एनडीआरएफ) तथा बृजेश भट्ट (जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, टिहरी) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!