उत्तराखंडविविध न्यूज़

राजकीय महाविद्यालय खाड़ी की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम चिड़ियाली में प्रारंभ

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ शनिवार को ग्राम सभा चिड़ियाली स्थित जन जागृति भवन खाड़ी में किया गया। 14 मार्च से 20 मार्च तक चलने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं के माध्यम से सामुदायिक विकास और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती मीना ने अतिथियों को बैज अलंकृत कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के प्रधानाचार्य प्रभाकांत त्रिवेदी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त आर्मी कैप्टन सूरसिंह सिंह रौतेला, हिकमत सिंह रौतेला तथा व्यास बाबा जी शामिल रहे।
श्रीमती मीना ने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और सात दिवसीय विशेष शिविर की महत्ता से अवगत कराते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि प्रभाकांत त्रिवेदी ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन की चुनौतियों को समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने अनुशासन और सेवा भाव को विद्यार्थी जीवन का मूल मंत्र बताया।
सेवानिवृत्त कैप्टन सूरसिंह रौतेला ने स्वयंसेवियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, जबकि हिकमत सिंह रौतेला ने स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज से जुड़ने का आह्वान किया। व्यास बाबा जी ने स्वयंसेवियों को मानवता के धर्म का पालन करते हुए समाज कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. ईरा सिंह ने विद्यार्थियों से पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ समाज के बीच रहकर आदर्श युवा की भूमिका निभाने का आग्रह किया। डॉ. संगीता बिजलवाण जोशी ने अनुशासन, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मीनाक्षी ने स्वयंसेवियों को समूह में सहयोग की भावना से स्वच्छता, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता के उद्देश्यों को पूरा करने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक संगठन नहीं बल्कि सेवा और समर्पण की भावना है, जो युवाओं को समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने एनएसएस के ध्येय वाक्य “नॉट मी बट यू” अर्थात “स्वयं से पहले आप” की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
शिविर की प्रमुख गतिविधियां
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवी ग्राम चिड़ियाली के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता सर्वेक्षण, जल संरक्षण जागरूकता, साक्षरता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, मतदाता जागरूकता तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाएंगे। प्रतिदिन सुबह योग एवं व्यायाम के साथ दिनचर्या प्रारंभ होगी, इसके बाद श्रमदान और सायंकालीन सत्र में बौद्धिक चर्चा व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े पदाधिकारी, स्वयंसेवी, ग्रामीण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीपक, हितेश, मनीषा, आशीष सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!