देवप्रयाग में NSS शिविर का छठा दिन: प्लैंक, बैडमिंटन व मेहंदी प्रतियोगिताओं में दिखा छात्र-छात्रों का उत्साह

टिहरी गढ़वाल। देवप्रयाग स्थित ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिवस पर स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः स्मरण श्लोक एवं प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने लक्ष्य गीत गाकर अपने भीतर ऊर्जा का संचार किया। तत्पश्चात रसायन शास्त्र विभाग की प्रयोगशाला सहायक कु. सपना के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने सामूहिक व्यायाम किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए विद्यालय परिसर में उपयोग हेतु क्यारियों का निर्माण भी किया। इसके उपरांत आयोजित प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग के छात्रों ने प्लैंक प्रतियोगिता में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, जबकि बालिका वर्ग की छात्राओं ने बैडमिंटन और मेहंदी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दोपहर के भोजन के बाद स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया गया।
सायंकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने कैम्प फायर कार्यक्रम की तैयारी के लिए ग्रामीण क्षेत्र से लकड़ी की व्यवस्था की। शिविर की इन गतिविधियों से स्वयंसेवकों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक सेवा की भावना को प्रोत्साहन मिल रहा है।



