Ad image

पलास ग्राम पंचायत का ऐतिहासिक फैसला: शादी-समारोहों में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

नियम तोड़ने पर ₹11,000 जुर्माना, कार्यक्रम रात 12 बजे तक सीमित; “शराब नहीं, संस्कार” अभियान को मिला बल
टिहरी गढ़वाल । चंबा ब्लॉक की पलास ग्राम पंचायत ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाते हुए शादी-समारोहों और अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने की, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान गांव में बढ़ती सामाजिक समस्याओं और युवाओं पर नशे के दुष्प्रभावों पर गंभीर चर्चा की गई। इसके बाद प्रस्ताव पारित करते हुए तय किया गया कि शादी, मुंडन और अन्य पारिवारिक आयोजनों में शराब और बीयर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सिर्फ इतना ही नहीं, पंचायत ने सामाजिक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त नियम भी तय किए हैं। सभी कार्यक्रम अब रात 12 बजे तक ही आयोजित किए जाएंगे। यदि कोई बाहरी व्यक्ति शराब पीकर गांव में अशांति फैलाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ₹11,000 का सामाजिक जुर्माना लगाया जाएगा।
ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने कहा कि यह निर्णय गांव के स्वस्थ सामाजिक वातावरण और नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से लिया गया है। ग्रामीणों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक और जरूरी कदम बताया।
“शराब नहीं, संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यदि समाज सामूहिक संकल्प ले, तो नशे जैसी बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों से भी इस पहल से प्रेरणा लेने की अपील की।
बैठक में ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया। समिति में वीर सिंह राणा को अध्यक्ष, मकानी देवी को उपाध्यक्ष, विजयपाल सिंह को सचिव, कुसुम राणा को सहसचिव और राजमती देवी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारिणी में कांति, काजल, शशि, मस्तराम नौटियाल, पिंकी पुंडीर, मनीषा राणा और प्रवीण राणा को शामिल किया गया है। समिति की बैठक प्रत्येक माह की 15 तारीख को आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर मुहिम से जुड़े कुंभीबाला भट्ट, लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!