चारधाम यात्रा की तैयारियों का एसएसपी श्वेता चौबे ने किया ग्राउंड निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस; संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त तैनाती के आदेश

टिहरी गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बगड़धार, दुआधार, ताछला जैसे क्षतिग्रस्त व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण भद्रकाली, तपोवन और मुनि की रेती का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी चौबे ने लोक निर्माण विभाग, बीआरओ और एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर मार्ग में मौजूद ‘बॉटलनेक’ और भूस्खलन संभावित स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्गों व पार्किंग स्थलों पर पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सुरक्षित एवं सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस के साथ पीआरडी एवं होमगार्ड की अतिरिक्त तैनाती करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने तथा चेतावनी संकेत, बैरियर और साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने भूस्खलन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए जेसीबी व पोकलैंड मशीनों को तैयार रखने तथा उनके ऑपरेटरों के संपर्क नंबर संबंधित थानों और कंट्रोल रूम में अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने को कहा। ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तक क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को जल्द दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखने और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा गया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!