राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना’ पर मार्गदर्शन संगोष्ठी आयोजित, विद्यार्थियों को मिली करियर की नई दिशा

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 07 अप्रैल 2026।
राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में विद्यार्थियों के करियर कौशल को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना’ (PMIS) के अंतर्गत परामर्श एवं मार्गदर्शन संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. ईरा सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक उत्तीर्ण एवं स्नातक अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ना था।
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि इस पहल के माध्यम से उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में 6 से 9 माह का व्यावहारिक कार्य अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही योजना के तहत मिलने वाले ₹9000 प्रतिमाह वजीफे तथा अन्य आर्थिक लाभों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
परामर्श सत्र में राज्य नोडल अधिकारी प्रो. प्रमोद डोबरियाल ने छात्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड तथा चयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. संगीता बिजलवाण जोशी ने इंटर्नशिप के व्यावसायिक पक्ष और इसके भविष्य में मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. ईरा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश के युवाओं के लिए कॉर्पोरेट जगत से जुड़ने और अपनी व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है और रोजगार के नए द्वार खोलता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। संगोष्ठी में श्रीमती मीना सहित कार्यालय कर्मचारी वर्ग एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!