(गजा से डी.पी. उनियाल)
टिहरी गढ़वाल। नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के दिग्वाली में आयोजित तीन दिवसीय माँ कर्णादेवी थौल महोत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल तथा कैबिनेट मंत्री खजानदास पहुंचे। मेला समिति के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि थौल मेलों का आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बैशाख माह में आयोजित होने वाले ये थौल मेले क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर मेला समिति और स्थानीय जनता को बधाई दी तथा कैबिनेट मंत्री खजानदास का भी आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री खजानदास ने अपने संबोधन में कहा कि थौल महोत्सव हमारी संस्कृति और विरासत के प्रतीक हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं।
समापन अवसर पर लोक कलाकार वीरेंद्र राजपूत, बिनोद सती, राकेश पंवार, दिलीप अंजवाल, गिरीश रणाकोटी, बबली उनियाल और दीपक कुलियाल को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और ऐसे सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की पहचान को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मदन सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल, ताजबीर सिंह खाती, कनिष्ठ प्रमुख दुर्गा रावत, मेला समिति के माही सुरियाल, निवर्तमान मंडी समिति अध्यक्ष बीर सिंह रावत, विनय रणाकोटी, प्रधान संगठन अध्यक्ष विनय रणाकोटी, प्रधान भगवान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




