टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ 25 अप्रैल 2026 से हो गया है। प्रथम चरण के अंतर्गत 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा।
इस कार्य के लिए प्रत्येक तहसील एवं नगर पालिका/नगर पंचायत स्तर पर हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) तैयार किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत के सभी मजरे, तोक तथा राजस्व गांव इसमें सम्मिलित किए गए हैं। प्रत्येक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का आवंटन प्रगणकों को किया गया है, जो आगामी 30 दिनों तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य करेंगे। यह प्रक्रिया जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए आधारभूत सूचनाएं एकत्रित करने तथा जनगणना को बेहतर ढंग से संपादित करने में सहायक होगी।मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक प्रत्येक भवन, जनगणना मकान तथा जनगणना परिवार को संख्या आवंटित करेंगे और 33 निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से डिजिटल माध्यम से गणना का कार्य करेंगे। इसके लिए प्रत्येक प्रगणक को गांव का नक्शा उपलब्ध कराया गया है, जिससे गांव की सीमाओं का सत्यापन करते हुए सभी भवनों एवं निवासरत परिवारों की गणना सुनिश्चित की जा सके।
अपर जिला अधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में 23 चार्ज अधिकारी नामित किए गए हैं। कार्य के सुचारु संचालन के लिए 219 सुपरवाइजर तथा 1265 प्रगणक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत अतिरिक्त रिजर्व सुपरवाइजर एवं रिजर्व प्रगणक भी नियुक्त किए गए हैं।




