कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक बोले—उत्तराखंड को आयुष प्रदेश बनाने की दिशा में तेजी, पंचायतों को और सशक्त करेगी सरकार

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 26 अप्रैल 2026। पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय प्रदेश में आयुष विकास की अनंत संभावनाएं हैं और राज्य को “आयुष प्रदेश” के रूप में विकसित करने के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। साथ ही उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार टिहरी जनपद भ्रमण पर पहुंचे मंत्री कौशिक ने चंबा के दिखोलगांव स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वे अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जनपद का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों में सुरक्षात्मक और अन्य निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपदा पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई तथा पुनर्वास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।मंत्री कौशिक ने कहा कि पहली बार चारधाम यात्रा को आयुष चिकित्सा से जोड़ा गया है। यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों पर आयुष विभाग के चिकित्सकों और स्टाफ की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को वैकल्पिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने टिहरी जनपद के लामणीधार में निर्माणाधीन 50 बेड के आयुष अस्पताल की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अब तक की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के माध्यम से गांवों के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार करने के लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं को भी पंचायतों के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिल सके।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनौला, ग्राम प्रधान दिखोलगांव बलवंत सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, डीपीआरओ एम.एम. खान, एएमए जिला पंचायत भागवत पाटनी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सुभाष चंद्र, डीडीएमओ बृजेश भट्ट सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!