टिहरी/ऋषिकेश, 26 अप्रैल। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के पूर्व डायरेक्टर (पर्सनल) एवं पूर्व अतिरिक्त प्रभार के रूप में चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रहे वरिष्ठ प्रशासक श्री विजय गोयल का रविवार सायंकाल लंबी बीमारी के पश्चात कैलाश अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से टीएचडीसी परिवार सहित ऊर्जा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताते चलें कि श्री विजय गोयल ने 01 मई 2021 से कुछ समय के लिए टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार संभाला था, जबकि वे साथ ही डायरेक्टर (पर्सनल) की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे और 31 अक्टूबर 2021 को सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने वर्ष 1990 में एनएचपीसी लिमिटेड से वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (एसपीओ) के रूप में टीएचडीसी में अपना सेवाकाल शुरू किया था।
मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उन्हें 35 वर्ष से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त था। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन, नीति निर्माण, मैनपावर प्लानिंग, स्थापना एवं एस्टेट कार्यों, कर्मचारी संबंधों, श्रम कानूनों के अनुपालन तथा संस्थागत नीतियों के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे संगठन में प्रभावी एचआर सिस्टम स्थापित करने में भी अग्रणी रहे और निगम की स्थापना के शुरुआती दौर में मानव संसाधन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। जनरल मैनेजर (पी एंड ए) के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, विधि एवं आर्बिट्रेशन कार्यों का दायित्व भी संभाला। अपने शांत स्वभाव, सकारात्मक दृष्टिकोण और समन्वयकारी नेतृत्व शैली के कारण वे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे।
श्री गोयल के निधन को टीएचडीसी परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है। उनके योगदान और सेवाओं को सदैव स्मरण किया जाएगा। श्री विजय गोयल का अंतिम संस्कार कल 27 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे पूर्णानंद घाट, ऋषिकेश में किया जाएगा। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई है।




