टिहरी गढ़वाल, 1 जून 2026। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा भटवाड़ा (पट्टी धारमंडल) स्थित श्री केदारी नर्सिंग देवता मंदिर प्रांगण में सोमवार को ग्राम सभा की ध्याणियों के तत्वावधान में श्री नर्सिंग महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के युवाओं, बुजुर्गों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा आयोजन की सफलता में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रतापनगर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कथा पंडाल पहुंचकर व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक श्री मुकेश रयाल से श्री नर्सिंग महापुराण की कथा का श्रवण किया। उन्होंने नर्सिंग देवता के औतारया श्री देवेंद्र जोशी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
आयोजन में श्रीमती विजय लक्ष्मी रयाल, श्रीमती सरिता भद्री, श्रीमती मकानी देवी तिवाड़ी सहित ग्राम सभा की ध्याणियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं प्रमोद प्रसाद डंगवाल, शांति प्रसाद डंगवाल, आशीष डंगवाल सहित ग्राम सभा के युवाओं और सहयोगकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान सीए राजेश्वर पैन्यूली ने ग्राम सभा चौण्ड के प्रधान शांति प्रसाद पेटवाल तथा ग्राम सभा भटवाड़ा की प्रधान श्रीमती गुड्डी देवी सहित अन्य ग्रामीणों से भेंट कर क्षेत्रीय विकास और सामाजिक विषयों पर चर्चा की।ग्रामीणों ने उन्हें नर्सिंग देवता मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यताओं से भी अवगत कराया। बताया गया कि गोरखा आक्रमण के समय भगवान नर्सिंग देवता की कृपा से गोरखाओं को पीछे हटना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने श्रद्धा और क्षमा-याचना के प्रतीक स्वरूप मंदिर में नेपाली चिमटा अर्पित किया था, जो आज भी क्षेत्र की धार्मिक आस्था और इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
इस अवसर पर उत्तम सिंह, पूर्व मंडल महामंत्री भाजपा युवा मोर्चा प्रतापनगर, कुलवीर पंवार, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष युवा मोर्चा प्रतापनगर सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




