Ad image

सौंग बांध प्रभावितों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी । सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास कार्य समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पंवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

ज्ञापन में प्रभावित ग्रामीणों ने सौंग बांध परियोजना से जुड़े लंबित मुआवजा, पुनर्वास एवं अन्य देय लाभों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई पात्र परिवार अभी भी अपने अधिकारों से वंचित हैं। ग्रामीणों ने सभी प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को पूर्ण मुआवजा प्रदान करने, 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र युवाओं को पुनर्वास नीति के तहत लाभ देने, प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को रोजगार अथवा रोजगारोन्मुखी पैकेज उपलब्ध कराने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि विभागीय त्रुटियों के कारण कुछ पात्र परिवार पूर्ण विस्थापित श्रेणी में शामिल नहीं हो पाए हैं। उन्होंने ऐसे सभी परिवारों को पूर्ण विस्थापित घोषित कर पुनर्वास योजना का लाभ देने की मांग की। साथ ही प्रभावित भूमि के सर्किल रेट में संशोधन अथवा अतिरिक्त आर्थिक पैकेज देने की भी मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने मांगों के समाधान तक परियोजना निर्माण कार्य स्थगित रखने की मांग करते हुए प्रशासन एवं प्रभावित पक्षों के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी और आंदोलन तेज किया जाएगा।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!