जिलाधिकारी ने जन्दरवाली-जमोलना पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 11 जून 2026 । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखण्ड भिलंगना की ग्राम पंचायत जमोलना का भ्रमण कर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पैदल भ्रमण कर क्षेत्रीय जनसमस्याओं का जायजा लिया तथा क्षेत्र के प्रसिद्ध दिव्य केदार सदृश श्री जल्देश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
भ्रमण के दौरान भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक तेजराम सेमवाल ने ग्राम पंचायत जमोलना, जन्दरवाली एवं काकड़ा क्षेत्र में सड़क सुविधा के अभाव, दूरसंचार कनेक्टिविटी की समस्या, पोखर-जमोलना-भेटी मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई सिंचाई नहर, संपर्क मार्ग एवं घराटों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान कटान एवं दबान से प्रभावित काश्तकारों को फलदार एवं अन्य वृक्षों के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई।
ग्राम प्रधान सुमति सेमवाल ने जन्दरवाली-काकड़ा सड़क निर्माण, आधुनिक पंचायत भवन तथा क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय जमोलना स्थित मतदान केंद्र भवन के पुनर्निर्माण संबंधी ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए आचार्य गोकुल देव चमोली ने क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। वहीं हरीश सेमवाल, चन्द्र प्रकाश सेमवाल, राम प्रसाद सेमवाल, वासुदेव सेमवाल, सरला देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों एवं जनजीवन को हो रहे नुकसान, सड़क सुविधा के अभाव तथा अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांवों से जुड़ाव बनाए रखने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार एवं आय वृद्धि की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने श्री जल्देश्वर महादेव मंदिर में तीर्थयात्रियों के लिए शेड निर्माण तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने हेतु खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम में तहसीलदार हरीश जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश चन्द्र नौटियाल, खण्ड विकास अधिकारी विपिन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!