उत्तराखंड के मत्स्य क्षेत्र में ऐतिहासिक शुरुआत : नेपाल भेजा गया 05 टन हिमालयन ट्राउट का पहला कंसाइनमेंट

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

मा. कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने वर्चुअल रूप से फ्लैग ऑफ कर की शुरुआत

उत्तरकाशी 12 जून । शुक्रवार को राज्य से पहली बार 05 टन ‘हिमालयन ट्राउट’ मछली का निर्यात पड़ोसी देश नेपाल को किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट और जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा द्वारा वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस प्रथम कंसाइनमेंट को फ्लैग ऑफ किया गया। मत्स्य निर्यात की यह पहली खेप सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से नेपाल के लिए रवाना की गई।

राज्य में मत्स्य विपणन के प्रथम चरण के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस को सफलतापूर्वक मछली की आपूर्ति की जा चुकी है, जिसमें जनपद उत्तरकाशी ने सर्वाधिक लगभग 130 क्विंटल ट्राउट की आपूर्ति कर अग्रणी भूमिका निभाई थी। आई.टी.बी.पी. को सफल सप्लाई के बाद, अब उत्तरकाशी जनपद के स्थानीय मत्स्य पालकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय निर्यात बाजार से भी जोड़ा जा रहा है, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

इस महत्वाकांक्षी निर्यात प्रक्रिया को धरातल पर सफल और सुचारू बनाने के लिए मत्स्य विभाग द्वारा कोल्ड-चेन (शीत-श्रृंखला), अत्याधुनिक पैकेजिंग और सुदृढ़ परिवहन व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया गया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली मछली बाजार तक पहुंचे।

मा. मंत्री ने कहा इन प्रयासों और इस वैश्विक बाजार की शुरुआत से राज्य के स्थानीय मत्स्य पालकों, मत्स्य सहकारी समितियों तथा स्वयं सहायता समूहों को सीधा आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। सरकार का यह कदम न केवल मत्स्य पालकों की आय को बढ़ाने में मददगार साबित होगा, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!