हरिद्वार, 03 जुलाई 2026। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनन्द स्वरूप ने शुक्रवार को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने धनौरी–सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी में निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान वाले दो लेन पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि 16.59 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के 36 में से 33 आधार स्तंभ अंतिम चरण में हैं, जबकि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। मंडलायुक्त ने निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्ता के नियमित परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने 6.53 करोड़ रुपये की लागत से धनौरी–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आधारभूत कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं और बारिश के बाद डामरीकरण प्राथमिकता से कराया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कुंभ मेला-2027: मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



