Ad image

टिहरी में ‘सेवा पखवाड़ा’ का आगाज, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने गिनाईं धामी सरकार की उपलब्धियां

Govind Pundir
6 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

लाभार्थियों को चेक, महालक्ष्मी किट व सहायक उपकरण वितरित, विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ

टिहरी गढ़वाल 04 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत शनिवार को बौराड़ी नगर पालिका सभागार में “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सिलक्यारा सुरंग हादसे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं घटनास्थल पर डटे रहे और सभी श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू कर सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में टिहरी गढ़वाल ने विकास की नई पहचान बनाई है। जनपद में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 437.59 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है तथा टिहरी झील रिंग रोड सहित विभिन्न सड़कों का डामरीकरण एवं मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री धामी के पांच लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश में लगभग तीन लाख महिलाएं इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। इनमें टिहरी गढ़वाल की करीब 23 हजार महिलाएं भी शामिल हैं।
सैनिक कल्याण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी है। साथ ही शहीद के एक आश्रित को सरकारी सेवा में समायोजित करने और शहीदों के नाम पर विद्यालयों एवं सरकारी संस्थानों का नामकरण करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सैन्य धाम निर्माण के लिए प्रदेश के 1,734 घरों से पवित्र मिट्टी एकत्र की गई है।
नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्रभारी मंत्री का नई टिहरी आगमन नगरवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि नई टिहरी एक विस्थापित शहर है, जिसने वर्षों से अनेक चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने संपत्ति संबंधी विवाद, टैक्स व्यवस्था तथा टीएचडीसी की सीएसआर निधि से नगर विकास के लिए सहयोग जैसे मुद्दों के समाधान की मांग रखते हुए विश्वास जताया कि प्रभारी मंत्री के सहयोग से शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा और नई टिहरी के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की पात्र महिलाओं को चेक, समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सहायक उपकरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस दौरान पशुलोक, ऋषिकेश से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

इस मौके पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा विकास आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा “संकल्प से सिद्धि तक” पुस्तक का विमोचन भी हुआ।

कार्यक्रम में सभी विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए, जहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। आयुष, होम्योपैथी एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर लोगों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी ने पूरे देश को ऊर्जा देने का कार्य किया है और यह क्षेत्र अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि प्राथमिक विद्यालय ढुंगीघार के विद्यार्थियों ने योग प्रदर्शन किया। सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक दल ने रवि गोसाईं के नेतृत्व में लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, राज्य मंत्री श्रीमती विनोद उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व अध्यक्ष विनोद रतूड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, चम्बा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, चम्बा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जाखणी धार ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, नगर पंचायत चमियाला अध्यक्ष गोविन्द सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष लंबगांव रोशन रांगड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!