हरिद्वार/देहरादून/नई टिहरी । ठक्कर बापा छात्रावास के अध्यक्ष, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी चंद्र सिंह का शुक्रवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय एवं सामाजिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र समीर सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पुत्रियां अंशु और भावना सहित परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंतिम यात्रा में ठक्कर बापा छात्रावास के मंत्री प्रदीप बहुगुणा, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, सुंदर लाल मुयाल, मित्र लाल, मुरारी लाल खंडवाल, धनी लाल शाह, डी.एल. शाह, किशन लाल, स्वराज विद्वान, जयप्रकाश, कमलापति, कैलाशपति, सुमेर चंद, दौलत कुंवर सहित अनेक लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इससे पूर्व देहरादून की नेहरू कॉलोनी स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। मंत्री खजान दास, आईएएस सुबर्द्धन तथा गोविंद प्रसाद बहुगुणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उधर, टिहरी में चंद्र सिंह के निधन पर ठक्कर बापा छात्रावास में शोकसभा आयोजित की गई। सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए नई टिहरी पुनर्वास के दौरान ठक्कर बापा छात्रावास के विकास और सामाजिक सरोकारों में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में कहा गया कि चंद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन दलित, शोषित, वंचित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके सामाजिक कार्य और मानवीय संवेदनाएं हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।
शोकसभा में संस्था के मंत्री प्रदीप बहुगुणा, सपना रावत, वीरेंद्र, ऋतिक, साहिल, हर्ष, सूरज, अंकित, सौरभ, राकेश, प्रिंस सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि 84 वर्षीय चंद्र सिंह का गुरुवार सुबह देहरादून में निधन हो गया था। उनके निधन से सामाजिक, प्रशासनिक और जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में शोक की लहर है।
समाजसेवी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी चंद्र सिंह पंचतत्व में विलीन, ठक्कर बापा छात्रावास में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



