टिहरी गढ़वाल 14 जुलाई 2026। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम के तत्वावधान में मंगलवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, जाखणीधार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज श्री दयाराम ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने जनसंख्या संतुलन, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित पात्र व्यक्तियों को प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकार मित्र श्री आनंद सिंह पुंडीर ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर जानकारी दी। इसके बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री योगेश सकलानी, शिक्षकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जाखणीधार में विधिक जागरूकता शिविर के साथ हुआ वृक्षारोपण, छात्रों को कानून और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



