देहरादून, 21 जुलाई। भानियावाला स्थित अठूरवाला आश्रम में मंगलवार को राष्ट्रीय संत परम पूज्य डॉ. दुर्गेश आचार्य जी महाराज का 63वां अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और गुरुदेव के श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातःकाल से ही आश्रम में गुरु पूजन, वेद मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन, सत्संग, हवन एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन हुआ। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर धर्म, सेवा, संस्कार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गंगा विश्व शांति सद्भावना समिति, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने आश्रम पहुंचकर पूज्य गुरुदेव का माल्यार्पण, तिलक एवं मिष्ठान अर्पित कर जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नई टिहरी जिला मुख्यालय में आगामी माह प्रस्तावित आध्यात्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर गुरुदेव से विस्तृत चर्चा की तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अपने प्रेरणादायी प्रवचन में पूज्य गुरुदेव ने कहा कि मानव जीवन ईश्वर का अनमोल उपहार है। इसे केवल भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित न रखकर सत्य, सेवा, करुणा, संयम और परोपकार के कार्यों में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने जीवन को लोकमंगल और ईश्वर भक्ति के लिए समर्पित करता है, वही वास्तविक अर्थों में सफल जीवन जीता है।
विश्व शांति और सामाजिक समरसता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए गुरुदेव ने कहा कि आज के समय में प्रेम, सहिष्णुता और सेवा की भावना को समाज में मजबूत करने की आवश्यकता है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य मानवता को जोड़ना है, विभाजित करना नहीं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर करुणा और सेवा का भाव विकसित करे तो विश्व में स्थायी शांति स्थापित हो सकती है।
श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु कृपा से जीवन में सद्बुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और पारिवारिक सुख-शांति का संचार होता है तथा मनुष्य सेवा और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
दिनभर चले इस आध्यात्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, सत्संग और सामूहिक प्रार्थना में सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु कृपा से प्रेरणा लेकर धर्म, सेवा, संस्कार और मानवता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय संत डॉ. दुर्गेश आचार्य जी महाराज का 63वां अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



