प्रो. एन.के. जोशी को दी भावभीनी विदाई
वृक्षारोपण कर नए कुलपति ने कार्यकाल का किया शुभारंभ
टिहरी गढ़वाल 27 जुलाई । श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय में सोमवार को नेतृत्व परिवर्तन के अवसर पर गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नवनियुक्त कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया, जबकि निवर्तमान कुलपति प्रो. एन.के. जोशी को विश्वविद्यालय परिवार ने भावभीनी विदाई दी। समारोह में अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. एन.के. जोशी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान एवं नवाचार, प्रशासनिक पारदर्शिता और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने अकादमिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर अपने कार्यकाल की शुरुआत की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए हरित एवं स्वच्छ परिसर विकसित करने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

अपने प्रथम संबोधन में प्रो. महाजन ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करना, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित होना तथा रिक्त पदों पर नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना होगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार, पारदर्शी प्रशासन और उत्तरदायी कार्यसंस्कृति के माध्यम से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जाएगी।
प्रो. महाजन देश के प्रतिष्ठित भू-विज्ञानी, भूकंप वैज्ञानिक, पर्यावरणविद् एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हैं। उन्होंने वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी, देहरादून में लंबे समय तक वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश में प्रोफेसर, आईक्यूएसी निदेशक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा विभागाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्हें नेशनल जियोसाइंस अवार्ड-2017 सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।
समारोह के अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. एन.के. जोशी को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव दिनेश चंद्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. स्वाति नेगी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी मनोज कुमार पांडे, सहायक कुलसचिव प्रमोद बैंजवाल सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




