एनडीपीएस मामलों की समीक्षा में खराब प्रदर्शन पर सख्त हुईं श्वेता चौबे, विवेचना में देरी पर जवाबदेही तय करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल 8 अगस्त। जनपद में नशे के खिलाफ पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति को और सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने एनडीपीएस मामलों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे से जुड़े मामलों की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने जनपदीय एएनटीएफ और सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आरोप पत्रों की स्थिति, जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण, PIT-NDPS Act, गैंगस्टर एक्ट तथा संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की थानेवार समीक्षा की गई।
समीक्षा में खराब प्रदर्शन सामने आने पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त आदतन और पेशेवर तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार किए जाएं।
उन्होंने तस्करों के आपराधिक नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर चोट करने के लिए गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति जब्ती सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से नशा तस्करी को लेकर मिलने वाली शिकायतों एवं सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी ने जब्त मादक पदार्थों के मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नशे की बिक्री और तस्करी के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, सूचना तंत्र मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएं। नशे के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है।





