सीएचसी बलेश्वर, पिलखी और पीएचसी नंदगांव का निरीक्षण; निर्माण कार्यों में तेजी, प्रसव व ओपीडी सेवाएं बढ़ाने पर जोर
टिहरी गढ़वाल 9 अगस्त। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएमओ डॉ राम प्रकाश ने शनिवार को सीएचसी बलेश्वर, सीएचसी पिलखी और पीएचसी नंदगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान व्यवस्थाओं में सुधार के साथ निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएचसी बलेश्वर में परखी व्यवस्थाएं
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान बीपीएचयू लैब, ओपीडी, इमरजेंसी, अस्पताल परिसर और आवासीय भवन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखने के साथ अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
पिलखी में निर्माण कार्यों की रफ्तार पर नजर
उन्होंने सीएचसी पिलखी में चल रहे निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता मनोज एवं अभिषेक तोमर तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊषा भट्ट के साथ निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
नंदगांव में प्रसव और ओपीडी सेवाएं बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान पीएचसी नंदगांव में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। यहां प्रसव सेवाओं और ओपीडी में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद आर्य को स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों की सुविधाओं, आवश्यक दवाओं और जांच सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।





